युवा मोर्चा अध्यक्ष हिमांशु पुंडीर के नेतृत्व में कई युवाओं ने थामा आम आदमी पार्टी का दामन

1 min read

देहरादून। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर आम आदमी पार्टी ने संगठन विस्तार और सदस्यता अभियान को तेज कर दिया है। इसी क्रम में रविवार को आम आदमी पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आयोजित सदस्यता कार्यक्रम के दौरान  युवा मोर्चा अध्यक्ष हिमांशु पुंडीर के नेतृत्व में सैकड़ों युवाओं ने आम आदमी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। प्रदेश प्रभारी  महेन्द्र यादव एवं प्रदेश अध्यक्षा उमा गौड़ सिसोदिया की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं ने पार्टी की नीतियों और विचारधारा में विश्वास जताते हुए पार्टी का दामन थामा।
सदस्यता ग्रहण करने वाले युवाओं का पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान पार्टी कार्यालय में उत्साह का माहौल रहा। युवाओं ने कहा कि वे प्रदेश में शिक्षा, रोजगार, पारदर्शी शासन, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं और युवाओं के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने के लिए संगठन के साथ मिलकर कार्य करेंगे।
इस अवसर पर प्रदेश प्रभारी ने कहा कि उत्तराखंड के युवा प्रदेश की सबसे बड़ी ताकत हैं। युवाओं का बड़ी संख्या में पार्टी से जुड़ना इस बात का संकेत है कि युवा अब राजनीति में सक्रिय भागीदारी निभाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी युवाओं को केवल राजनीतिक कार्यकर्ता के रूप में नहीं, बल्कि प्रदेश के भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भागीदार के रूप में देखती है। उन्होंने नवसदस्यों से आह्वान किया कि वे जनता के बीच जाकर स्थानीय समस्याओं को समझें और उन्हें मजबूती से उठाएं।
प्रदेश अध्यक्षा ने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं में अपार ऊर्जा और प्रतिभा है, लेकिन रोजगार और बेहतर अवसरों की कमी के कारण बड़ी संख्या में युवाओं को पलायन के लिए मजबूर होना पड़ता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की राजनीति में युवाओं की भागीदारी बढ़ना जरूरी है। आम आदमी पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के साथ-साथ युवाओं को नेतृत्व और जिम्मेदारी के अवसर देने की दिशा में लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सदस्यता अभियान के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों को संगठन से जोड़ा जा रहा है। आने वाले समय में पार्टी प्रदेश के हर विधानसभा क्षेत्र में युवाओं और आम जनता के बीच पहुंच बढ़ाएगी तथा जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी।