बारिश के चलते मसूरी-देहरादून मार्ग पर भारी भूस्खलन, मैगी प्वाइंट की दुकान क्षतिग्रस्त

1 min read

मसूरी। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश का असर अब पर्यटन नगरी मसूरी में गंभीर रूप से दिखाई देने लगा है। गत रात्रि को हई भारी बारिश से मसूरी-देहरादून मार्ग पानी वाले बैंड के ऊपर अचानक भारी भूस्खलन हो गया, जिससे एक दुकान का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। भूस्खलन के कारण मसूरी-देहरादून मुख्य मार्ग भी पूरी तरह बाधित हो गया है। वहीं हनुमान मंदिर के पास सडक बंद होने से दोनों ओर वाहनों की आवाजाही ठप हो गई व दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारे लग गयी व कई लोग तो जो देहरादून जा रहे थे रोड बंद होने पर वापस लौट गये, लोनिवि ने जेसीबी लगाकर दो घंटे के बाद खोली जा सकी।
लगातार बारिश के चलते जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। पहले से बंद पड़े किमाड़ी मार्ग के बाद अब मुख्य मसूरी-देहरादून मार्ग के कई जगह पहाड़ी दरकने व मलवा आने से रोड बाधित होने से लोगों और पर्यटकों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। रोड बंद होने से रोड के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गयी। लोक निर्माण विभाग ने जेसीबी लगाकर दो घंटे की मशक्कत के बाद रोड खोली तब जाकर वाहनों की आवाजाही शुरू हो सकी। वहीं पानी वाला बैंड पर एक दुकान में पहाड़ी से मलवा आया जिससे वहां पर एक दुकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी। दुकान संचालक ऋषभ पंवार ने बताया कि देर रात तेज बारिश के बीच अचानक जोरदार धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। जब उन्होंने बाहर आकर देखा तो उनकी दुकान के ऊपर की पहाड़ी का बड़ा हिस्सा धंस चुका था और लगातार मलबा नीचे गिर रहा था। उन्होंने आशंका जताई कि क्षेत्र में बादल फटने जैसी घटना हुई हो सकती है। ऋषभ पंवार ने आरोप लगाया कि इस स्थान पर पहले भी भूस्खलन हो चुका था, लेकिन लोक निर्माण विभाग ने सुरक्षा के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया, न तो यहां सुरक्षा दीवार पुश्ता का निर्माण कराया गया और न ही ढलान को सुरक्षित करने के लिए कोई अन्य व्यवस्था की गई, जिसके चलते यह हादसा हुआ। वहीं दूसरी ओर किमाड़ी मार्ग भी मलवा गिरने से बंद हो रखा है जहां पर जेसीबी लगातार रोड खोलने का प्रयास कर रही है।